

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, करवाचौथ का त्योहार गुरुवार, 29 अक्टूबर को देशभर में उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। आम महिलाओं के साथ फिल्म और टेलीविजन जगत की अभिनेत्रियों ने भी इस पर्व को खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। किसी ने खूबसूरत मेहंदी से हाथ सजाए तो किसी ने पारंपरिक परिधानों में अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। बॉलीवुड में हर साल की तरह इस बार भी अभिनेता अनिल कपूर के मुंबई स्थित आवास पर खास आयोजन हुआ, जिसकी मेजबानी उनकी पत्नी सुनीता कपूर ने की। इस समारोह में शिल्पा शेट्टी, मीरा राजपूत, सोनम कपूर, अनंशुला कपूर, गीता बसरा सहित कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं।

इस आयोजन में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी गुलाबी और लाल रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आईं। उन्होंने अपने लुक को हरे रंग के कढ़ाईदार ब्लाउज और आकर्षक आभूषणों के साथ पूरा किया। वहीं शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत क्रीम और गोल्डन रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत दिखाई दीं। सोनम कपूर ने गहरे लाल रंग के शाही परिधान में समारोह में पहुंचकर सबका ध्यान खींचा। हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा गुलाबी शरारा सूट में नजर आईं, जबकि नीलम कोठारी ने हरे रंग के पारंपरिक सूट में अपनी खूबसूरती से लोगों को प्रभावित किया। महीप कपूर, भावना पांडे और ताहिरा कश्यप के पारंपरिक लुक भी चर्चा में रहे।

प्रियंका चोपड़ा ने विदेश में मनाया करवाचौथ, निक और बेटी मालती के लिए खास मेहंदी
बॉलीवुड की ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने भी विदेश में रहते हुए भारतीय परंपरा के अनुसार करवाचौथ मनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी मेहंदी की तस्वीरें साझा कीं, जिसमें पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी से जुड़े खास संकेत नजर आए। प्रियंका ने लाल रंग का पारंपरिक परिधान पहना और निक व मालती के साथ ये के खूबसूरत पल साझा किए। एक तस्वीर में निक बेटी मालती को गोद में लिए दिखाई दिए। प्रियंका ने चांद निकलने का इंतजार करते हुए अपनी एक तस्वीर भी साझा की। उन्होंने मेहंदी का रंग गहरा करने के लिए चीनी की चाशनी का पारंपरिक नुस्खा भी बताया। अभिनेत्री हिना खान ने भी अपने हाथों की मेहंदी की तस्वीर साझा कर प्रशंसकों को करवाचौथ की शुभकामनाएं दीं।
अंशुला कपूर का पहला करवाचौथ, अनिल कपूर के घर पहुंचीं कई नई नवेली दुल्हनें
इस बार कपूर परिवार की अंशुला कपूर के लिए करवाचौथ बेहद खास रहा। रोहन ठक्कर से शादी के बाद यह उनका पहला करवाचौथ था। वह लाल रंग के खूबसूरत पारंपरिक परिधान में अनिल कपूर के घर आयोजित समारोह में पहुंचीं। उनके अलावा कई अन्य अभिनेत्रियों ने भी अपने परिवार के साथ इस पर्व को मनाया। समारोह में रणबीर कपूर की बहन रिद्धिमा कपूर साहनी गुलाबी लहंगे में पहुंचीं। अभिनेता वरुण धवन की पत्नी नताशा दलाल भी गुलाबी रंग के आकर्षक परिधान में नजर आईं। निर्देशक रोहित धवन की पत्नी जान्हवी देसाई धवन लाल साड़ी में पूजा की थाली लेकर पहुंचीं। दिग्गज अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे भी लाल साड़ी में दिखाई दीं।
प्रीति जिंटा ने चांद को लेकर किया मजेदार पोस्ट
करवाचौथ के मौके पर अभिनेत्री प्रीति जिंटा का सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा में रहा। अमेरिका में पति जीन गुडइनफ के लिए व्रत रख रहीं प्रीति को आसमान में बादलों के कारण चांद दिखाई नहीं दे रहा था। उन्होंने सोशल मीडिया पर मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या किसी ने चांद देखा है या वह बादलों के बीच कहीं छिप गया है। वहीं अनिल कपूर के घर आयोजित समारोह की कई तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए, जिनमें बॉलीवुड की तमाम अभिनेत्रियां एक साथ पारंपरिक अंदाज में नजर आईं। इस बार करवाचौथ पर शिल्पा शेट्टी की साड़ी, सोनम कपूर का शाही लुक, प्रियंका की खास मेहंदी और अंशुला कपूर का पहला करवाचौथ सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरता रहा।



