

Rajasthan CET 2026 आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के सरकारी नौकरी के उम्मीदवारों के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने समान पात्रता परीक्षा (CET-2026) का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। 12वीं स्तर की यह राज्य स्तरीय परीक्षा आगामी 1, 2 और 3 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। पूरी तरह से ऑफलाइन मोड में होने वाली इस परीक्षा के लिए बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर टाइम टेबल और दिशा-निर्देश अपलोड कर दिए हैं, जिसे उम्मीदवार आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।

बोर्ड के तय कार्यक्रम के मुताबिक, परीक्षा रोजाना दो पारियों में संपन्न कराई जाएगी। पहली पारी का समय सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी का समय दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले केंद्र पर पहुंचें ताकि अंतिम समय की हड़बड़ी से बचा जा सके। इसे डाउनलोड करने के लिए परीक्षार्थियों को आधिकारिक पोर्टल rssb.rajasthan.gov.in पर जाकर ‘लेटेस्ट न्यूज’ सेक्शन में दिए गए सीईटी परीक्षा टाइम टेबल के लिंक पर क्लिक करना होगा।

इस बार परीक्षा में ओएमआर शीट (OMR Sheet) भरने को लेकर बेहद सख्त और नए नियम लागू किए गए हैं, जिन पर हर अभ्यर्थी को खास ध्यान देना होगा। उत्तर अंकित करने के लिए केवल नीले बॉलपॉइंट पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। हर प्रश्न के सामने A, B, C, D और E नाम से पांच गोले होंगे। यदि आप किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहते, तो आपको पांचवां गोला यानी ‘E’ भरना अनिवार्य होगा।
नियमों के मुताबिक, यदि कोई परीक्षार्थी सभी गोले खाली छोड़ देता है, तो उस प्रश्न के लिए एक-तिहाई (1/3) अंक काट लिए जाएंगे। इतना ही नहीं, यदि कोई उम्मीदवार कुल प्रश्नों के 10 प्रतिशत से अधिक सवालों में कोई भी गोला नहीं भरता है, तो उसे सीधे तौर पर अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। इस बात की तस्दीक करने के लिए कि हर प्रश्न में कम से कम एक गोला भरा गया है या नहीं, परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी को 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।
सुरक्षा और नकल पर लगाम कसने के लिए इस बार प्रशासन बेहद सख्त नजर आ रहा है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। यदि आईडी कार्ड की फोटो तीन साल से ज्यादा पुरानी है, तो उसे तुरंत अपडेट करवा लें, क्योंकि चेहरे या प्रवेश पत्र से फोटो का मिलान न होने पर केंद्र में एंट्री नहीं मिलेगी। इसके अलावा, राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 व 2023 के तहत नकल या फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कड़े प्रावधान किए गए हैं। दोषी पाए जाने पर 10 लाख से 10 करोड़ रुपये तक का जुर्माना, 10 साल से लेकर आजीवन कारावास की सजा और भविष्य की सभी परीक्षाओं से स्थायी डिबार जैसी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।



