

Sports आपणी हथाई न्यूज,दाधीच यूथ क्लब बीकानेर के तत्वावधान में आयोजित दाधीच बीकानेर प्रीमियर लीग-2 (DBPL-2) का शुभारंभ धरणीधर क्रिकेट ग्राउंड में भव्य समारोह के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कमलेश्वर तिवाड़ी, गोपाल जी मिश्रा एवं रामदेव ओझा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेंद्र तिवाड़ी ने की।

समारोह में अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, अनुशासन, सहयोग और सामाजिक एकता को मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।

तीन दिवसीय इस क्रिकेट प्रतियोगिता में विभिन्न टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता की प्रवेश राशि 31 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
इस आयोजन के टाइटल स्पॉन्सर आदित्य कैपिटल एंड फाइनेंस एवं को-स्पॉन्सर वृंदा गार्डन हैं। प्रायोजकों एवं सहयोगकर्ताओं के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता समाज के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं को आगे लाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
आयोजक दाधीच यूथ क्लब बीकानेर ने सभी अतिथियों, प्रायोजकों, सहयोगकर्ताओं एवं समाज के गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता को लेकर समाज के युवाओं एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।



