

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा पिछले एक सप्ताह में महिलाओं के साथ हुई छीना-झपटी की तीन वारदातों से लगाया जा सकता है। कभी गले से मंगलसूत्र तो कभी कानों से सोने की बालियां और कहीं हाथ से बैग छीनकर बदमाश आसानी से फरार हो रहे हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालात यह हैं कि घर से टहलने के लिए निकलने वाली महिलाएं भी अब सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं।

एक और महिला हुई शिकार

ताजा मामला जेएनवीसी थाना क्षेत्र के तिलक नगर का है। पुलिस के अनुसार, तिलक नगर की गली नंबर 15 निवासी भींवराज सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि 16 नवंबर को उनकी माताजी घर से बाहर घूमने के लिए निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन अज्ञात युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच हैडकांस्टेबल पुरुषोत्तम को सौंपी गई है।
इससे पहले 14 नवंबर को भी जेएनवीसी थाना क्षेत्र में ही एक बुजुर्ग महिला को बदमाशों ने निशाना बनाया था। जेएनवीसी के 5-डी-54 निवासी 79 वर्षीय रमेश चंद्र ब्राह्मण ने रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ श्रीकृष्ण पार्क से घूमकर लौट रहे थे। इसी दौरान दो युवक पार्क के पेड़ों की छंगाई करने का बहाना बनाकर उनसे बातचीत करने लगे। बातचीत के बीच ही एक युवक ने उनकी पत्नी के कान से सोने की बाली खींच ली और दोनों फरार हो गए। वहीं, इससे पहले 11 नवंबर को गंगाशहर थाना क्षेत्र में उस्ता बारी के बाहर रमण भवन के पास भी एक महिला का बैग छीनकर बदमाश भाग गए थे।
एक सप्ताह के भीतर सामने आई इन तीन वारदातों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सवाल यह है कि आखिर सड़कों और पार्कों में सक्रिय बदमाशों को पुलिस का डर क्यों नहीं है? क्या अपराधियों ने शहर की पुलिस गश्त की टाइमिंग और कमजोर कड़ियों को समझ लिया है? जब लगातार महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है, तो फिर ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी रणनीति कहां है?
एसपी मृदुल कच्छावा से भी शहरवासी पूछ रहे हैं कि आखिर आमजन कब तक घरों-मंदिरों और अपनी माताओं, बहनों और बुजुर्गों को घर से बाहर भेजते समय उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहेगा ? क्या पुलिस की गश्त केवल कागजों और रोजनामचों तक सीमित है या फिर सड़कों पर भी उसका असर दिखाई देगा? तीन वारदातों के बाद अब केवल मामले दर्ज करने और जांच सौंपने से बात नहीं बनेगी। जरूरत है सक्रिय पुलिसिंग, संदिग्ध बाइक सवारों की जांच, पार्कों और सुनसान गलियों में नियमित गश्त तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की। शहर को यह भरोसा मिलना चाहिए कि बीकानेर की सड़कों पर कानून का राज है, बदमाशों का नहीं।



