Homeक्राइमBikaner Cyber Fraud : मोबाइल घर पर रखा रहा, खाते से मिनटों...

Bikaner Cyber Fraud : मोबाइल घर पर रखा रहा, खाते से मिनटों में पार हो गए साढ़े तीन लाख रुपये!

Bikaner Cyber Fraud आपणी हथाई न्यूज, शहर में साइबर ठगों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी जेएनवीसी थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। तकनीक के इस दौर में ठगों ने अब बिना किसी ओटीपी या फोन कॉल के ही खातों में सेंध लगानी शुरू कर दी है। ताजा मामला 4-ई जेएनवीसी कॉलोनी का है, जहां एक महिला का मोबाइल घर पर रखा का रखा रह गया और उसके बैंक खाते से महज 10 से 15 मिनट के भीतर 3,60,437 रुपये साफ हो गए।

10-15 मिनट में हुए चार ट्रांजेक्शन
परिवादी गुंजन भाटिया ने पुलिस थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 15 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच उनका फोन घर पर ही मौजूद था। अचानक उनके मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। देखते ही देखते चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 3,60,437 रुपये किसी अज्ञात शातिर ने उड़ा लिए। एक ही झटके में खाते की रकम गायब होते देख महिला के होश उड़ गए।

पुलिस महकमे में हड़कंप, जांच शुरू
घटना की गंभीरता को देखते हुए जेएनवीसी थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच एएसआई जयप्रकाश को सौंप दी है। पुलिस अब यह तकनीकी पड़ताल करने में जुटी है कि आखिर यह रकम किस बैंक खाते में ट्रांसफर हुई है और ठगों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए किस नए पैंतरे या मैलवेयर का इस्तेमाल किया है।

बच्चों के गेम से लेकर खातों पर डाका तक
बीकानेर में साइबर अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। कुछ समय पहले ही गंगाशहर इलाके में एक ऐसा मामला सामने आया था जहां बच्चे मोबाइल पर गेम खेल रहे थे, तभी गलती से एक अज्ञात लिंक डाउनलोड होने से एक व्यक्ति के खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये उड़ा लिए गए थे। आए दिन सामने आ रही ऐसी वारदातों के चलते आमजन में भारी दहशत का माहौल है और लोग अपनी गाढ़ी कमाई की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।



ताजा खबर