

Rajasthan Job आपणी हथाई न्यूज, प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत और अवसर की बड़ी खबर सामने आई है। राजस्थान रोडवेज में अलग-अलग श्रेणियों के कुल 1150 पदों पर नियुक्तियों का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है। वित्त विभाग ने इन पदों पर भर्ती को लेकर रोडवेज प्रशासन को स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिसके बाद जल्द ही आगे की कवायद शुरू होने की तैयारी है।

स्वीकृत की गई कुल 1150 रिक्तियों में सबसे अधिक अवसर परिचालक के 525 और चालक के 351 पदों पर रखे गए हैं। इनके अलावा कनिष्ठ सहायक के 120, कनिष्ठ लेखाकार के 52 तथा आर्टिजन ग्रेड तृतीय के 52 पदों पर भी नियुक्तियां होंगी। वहीं कनिष्ठ विधि अधिकारी के 20, कनिष्ठ अभियंता (ब) के 26 और कनिष्ठ अभियंता (निर्माण) के 4 पदों को भी मंजूरी मिली है।

वित्त विभाग से हरी झंडी मिलने के बाद अब रोडवेज प्रशासन द्वारा भर्ती से जुड़ी अभ्यर्थना तैयार कर कर्मचारी चयन बोर्ड को भेजी जाएगी, जिसके पश्चात चयन बोर्ड के स्तर पर आगामी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस बहाली से लंबे समय से भर्ती की आस लगाए बैठे युवाओं को राहत मिलेगी और निगम में काफी समय से खाली पड़े पदों को भरने में मदद मिलेगी।



