

आपणी हथाई Election update: जिले की 15 पंचायत समितियों में शनिवार को हुए उपप्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने प्रधान चुनाव के प्रदर्शन को दोहराते हुए अपना दबदबा कायम रखा। प्रधान पद पर 10 पंचायत समितियों में जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस उपप्रधान चुनाव में 11 पदों पर कब्जा जमाने में सफल रही। इनमें एक उपप्रधान आरएलपी समर्थित है। वहीं, भाजपा को तीन पंचायत समितियों में ही उपप्रधान बनाने में सफलता मिली।

उपप्रधान चुनाव में कांग्रेस ने बीठनोक पंचायत समिति में भाजपा को झटका देते हुए उससे उपप्रधान का पद छीन लिया। इससे पहले प्रधान चुनाव में भी कांग्रेस ने जिले में बढ़त बनाई थी। उपप्रधान चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर पंचायत समितियों में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को जाहिर किया।

नोखा में लॉटरी से खुला भाजपा की जीत का रास्ता
नोखा पंचायत समिति में उपप्रधान पद का चुनाव बेहद दिलचस्प रहा। यहां भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को 11-11 वोट मिले। दोनों प्रत्याशियों के बीच मतों की बराबरी होने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया के तहत लॉटरी से फैसला किया गया। इसमें भाजपा प्रत्याशी विशाल सिंह के पक्ष में परिणाम आया और वह उपप्रधान निर्वाचित हुए।



