Homeखटाखट स्टोरीAccident : एनएच-62 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके...

Accident : एनएच-62 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

Accident आपणी हथाई न्यूज, राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर मरुधरा केमिकल फैक्ट्री के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल घायलों की मदद करते हुए उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, तीन युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर एनएच-62 से गुजर रहे थे। मरुधरा केमिकल फैक्ट्री के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे जा गिरे, जबकि तीसरा युवक सड़क के बीचों-बीच गिर गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पर गिरे युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान शीतला गेट निवासी 25 वर्षीय बाबू के रूप में हुई है। वहीं दुर्घटना में यासीन (42) और सुल्तान (31) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को एम्बुलेंस की मदद से ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक का शव देशनोक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और अज्ञात वाहन की पहचान को लेकर जांच कर रही है।



ताजा खबर