Homeखटाखट स्टोरीBollywood : राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में 'ओमलो' बेस्ट मूवी, ममता कुलकर्णी को...

Bollywood : राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में ‘ओमलो’ बेस्ट मूवी, ममता कुलकर्णी को लाइफ टाइम अचीवमेंट, Bikaner की चारु आसोपा की लाइव परफॉर्मेंस का दिखा जलवा

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, जयपुर में आयोजित राजस्थान फिल्म फेस्टिवल में देशभर के क्षेत्रीय सिनेमा, कलाकारों और फिल्म तकनीकी प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। समारोह में बॉलीवुड के साथ बंगाली, पंजाबी, तमिल, मलयालम, ओडिया और राजस्थानी सिनेमा से जुड़े कलाकार व फिल्ममेकर शामिल हुए। समारोह का खास आकर्षण अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को दिया गया लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड रहा।

सम्मान हासिल करने के बाद ममता कुलकर्णी ने अपने फिल्मी दौर की फिल्मों और गानों को याद करते हुए मंच पर प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को 90 के दशक के बॉलीवुड की याद दिला दी। ममता ने कहा कि राजस्थान से उनका पुराना फिल्मी जुड़ाव रहा है और उनके करियर की शुरुआत तमिल फिल्म से हुई थी। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में काम करने को भारत की ताकत बताया।

अवॉर्ड नाइट की मेजबानी अभिनेता शरमन जोशी और अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने की। शरमन ने राजस्थानी अंदाज में संवाद कर दर्शकों से जुड़ने की कोशिश की, जबकि ईशा ने अपनी स्टेज प्रेजेंस से कार्यक्रम में रंग जमाया। समारोह में श्रवण सागर कल्याण, चारु असोपा, रवींद्र उपाध्याय, हनी ट्रूपर-रिनी चंद्रा और मुस्कान ने भी लाइव प्रस्तुतियां दीं।

रीजनल सिनेमा कैटेगरी में बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड अनिंदम सील, बेस्ट राइटर अखिल अनिल कुमर व अप्पु असलम, बेस्ट सिनेमैटोग्राफर सौगंध एसयू, बेस्ट एक्टर जिम्मी शेरगिल और बेस्ट एक्ट्रेस रिंकु राजगुरु को मिला। वहीं ‘कोरपुर’ को बेस्ट मूवी चुना गया। राजस्थान फिल्म कैटेगरी में ‘ओमलो’ को बेस्ट मूवी का अवॉर्ड मिला। इस कैटेगरी में बेस्ट डायरेक्टर डक्सिन छाहरा, बेस्ट एक्टर आशीष शर्मा और बेस्ट एक्ट्रेस निशा शर्मा समेत विभिन्न कलाकारों व तकनीकी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

फेस्टिवल के दौरान रीजनल सिनेमा की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। शरमन जोशी ने क्षेत्रीय कहानियों को बेहतर मंच और सुविधाएं देने की जरूरत बताई, जबकि ईशा कोप्पिकर ने डिजिटल दौर में दर्शकों का ध्यान बनाए रखने को फिल्ममेकर्स के लिए बड़ी चुनौती बताया। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल की फाउंडर-डायरेक्टर संजना शर्मा ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य क्षेत्रीय कलाकारों को अपनी भाषा, कला और संस्कृति के लिए देश-दुनिया के सामने मंच उपलब्ध कराना है। अगले वर्ष फेस्टिवल का 15वां संस्करण आयोजित किया जाएगा।

 



ताजा खबर