आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर की इंदिरा कॉलोनी में गुरुवार को ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से ओवरलोड ट्रांसफार्मर के कारण लगातार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। मोहल्लेवासियों के अनुसार बुधवार रात 11 बजे से सुबह 4 बजे तक बिजली गुल रही, जबकि एक दिन पहले भी रात 1 बजे से 3 बजे तक क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। इससे नाराज लोगों ने देर रात बिजली सुधारने पहुंची टीम की गाड़ी को रोक लिया और अधिकारियों को भी मौके पर ही बंधक बना लिया।
घटना के बाद गुरुवार को बीकेईसीएल कंपनी के अधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ नया ट्रांसफार्मर लेकर इंदिरा कॉलोनी पहुंचे और मुख्य चौराहे पर ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी शुरू कर दी। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने चौराहे के बीच ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध किया और उसे किनारे लगाने की मांग रखी। आरोप है कि विरोध के दौरान पुलिस अधिकारियों और महिला कांस्टेबलों ने महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उनके हाथ पकड़कर घसीटा, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
महिलाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की सूचना मिलने पर भाजपा नेता डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रवासी बिजली समस्या के समाधान के पक्ष में हैं और ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी स्वयं मोहल्लेवासियों ने की थी, लेकिन मुख्य चौराहे के बीच ट्रांसफार्मर लगाने का विरोध किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी सहमति से ट्रांसफार्मर को किनारे लगाने का आग्रह किया।
जब अधिकारियों और स्थानीय लोगों के बीच सहमति नहीं बनी तो डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए ट्रांसफार्मर के लिए खोदे गए खड्डे में ही जीवित समाधि लेने की घोषणा कर दी। इसके बाद वह खड्डे के भीतर जाकर बैठ गए और अपने ऊपर मिट्टी डलवाने लगे। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन और अधिकारी भी सकते में आ गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस जाब्ता पीछे हटाया गया और अधिकारियों ने खड्डे में बैठे मेड़तिया से बाहर आकर वार्ता करने का आग्रह किया। हालांकि मेड़तिया ने साफ कहा कि वार्ता खड्डे के अंदर ही होगी। काफी देर चली बातचीत और मोहल्लेवासियों की सहमति के बाद बीकेसीएल अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर को मुख्य चौराहे के बजाय किनारे लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया खड्डे से बाहर आए।
मौके पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ पुलिस और अधिकारियों द्वारा किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आज हुई घटना को लेकर जनसुनवाई में जिला कलेक्टर को शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग भी की गई है।
घटनास्थल पर रेखलाल पंवार, रामदेव पंवार, भंवर बारूपाल, गणेश चौहान, मूल जी चौहान, बनवारी चौधरी, कनीराम मेघवाल, नागेश महाराज, शारदा देवी, कांता देवी, मोहिनी देवी और रेखा सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे। वहीं हरीश चुंडावत, सीईओ बीकेईसीएल से भी पड़ाव स्थल पर वार्ता की गई।


