

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, जिले के जालबसर गांव में सोमवार रात चाकू से हमला कर एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 10:15 बजे गांव की मुख्य चौपाल पर उत्तरादा कुएं के पास हुई, जहां 28 वर्षीय नेमीचंद पुत्र हरिराम लूखा पर गांव के ही कालूराम जाट ने चाकू से हमला कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीछे से आकर नेमीचंद को पकड़ा और उसके सीने में बाईं ओर चाकू घोंप दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल नेमीचंद को परिजन और ग्रामीण उपचार के लिए उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी कालूराम मौके से फरार हो गया। पुलिस ने रात करीब तीन बजे आरोपी के पिता को डिटेन किया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हलचल मच गई। मृतक के परिजन और गांव के मौजिज लोग रात में ही थानाधिकारी से मिले तथा शांतिप्रिय गांव में हुई इस वारदात पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से महज दो गलियां दूर मृतक का घर है, जबकि आरोपी की दुकान भी घटनास्थल के नजदीक ही स्थित है। प्रारंभिक जानकारी में आरोपी के नशे में होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।




