Homeखटाखट स्टोरीElection: बज्जू में अनोखा चुनावी मुकाबला, भाजपा की जेठानी के सामने कांग्रेस...

Election: बज्जू में अनोखा चुनावी मुकाबला, भाजपा की जेठानी के सामने कांग्रेस की देवरानी, एक ही परिवार की दो बहुएं आमने-सामने

आपणी हथाई Election न्यूज, पंचायत चुनाव में बज्जू खालसा पंचायत समिति के वार्ड संख्या एक का मुकाबला इन दिनों खासा चर्चा में है। यहां राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की तस्वीर कुछ अलग है, क्योंकि भाजपा और कांग्रेस ने एक ही परिवार की दो बहुओं को आमने-सामने उतारा है। भाजपा ने नख्तू देवी चंदेल को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने रामप्यारी चंदेल पर दांव खेला है। दोनों रिश्ते में जेठानी-देवरानी हैं और उनके पति सगे भाई हैं। ऐसे में इस वार्ड का चुनाव केवल दो राजनीतिक दलों के बीच की लड़ाई नहीं, बल्कि एक ही परिवार की दो बहुओं के बीच प्रतिष्ठा का मुकाबला भी बन गया है।

बज्जू खालसा पंचायत समिति के प्रधान पद पर इस बार अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षण होने से चुनावी समीकरणों में बदलाव आया है। प्रधान पद की दावेदारी को लेकर विभिन्न राजनीतिक खेमों में नए समीकरण बने, वहीं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए प्रत्याशियों के चयन में भी दलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी प्रक्रिया के दौरान वार्ड संख्या एक में भाजपा ने दीपाराम चंदेल की पत्नी नख्तू देवी को टिकट दिया, जबकि कांग्रेस ने उनके छोटे भाई राजाराम चंदेल की पत्नी रामप्यारी को उम्मीदवार बनाया है। दोनों के ससुर रामूराम चंदेल हैं। इस वार्ड में बरसलपुर, भुरासर और गोकुल के राजस्व गांव शामिल हैं, जहां अब दोनों प्रत्याशी अपने-अपने राजनीतिक दलों के समर्थन के साथ मतदाताओं के बीच पहुंचेंगी।

इस दिलचस्प मुकाबले में दोनों प्रत्याशियों के सामने अपने पक्ष में मतदाताओं का विश्वास हासिल करने की चुनौती होगी। भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार कर चुनावी बढ़त बनाने की कोशिश करेंगी, लेकिन अंतिम फैसला मतदाताओं के हाथ में रहेगा। एक ही परिवार की दो बहुओं के अलग-अलग दलों से चुनाव लड़ने के कारण वार्ड का मुकाबला और भी रोचक हो गया है। अब सबकी निगाहें मतदान पर टिकी हैं कि मतदाता किस प्रत्याशी को अपना समर्थन देते हैं और जेठानी-देवरानी की इस चुनावी जंग में किसके पक्ष में जीत का पलड़ा झुकता है।



ताजा खबर