


आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर में शनिवार सुबह 9:02 बजे सायरन की गूँज के साथ ही हड़कंप मच गया। दरअसल, यह जिला प्रशासन द्वारा आयोजित एक व्यापक मॉक ड्रिल थी, जिसके तहत बीछवाल स्थित इंडियन ऑयल बॉटलिंग प्लांट पर एयर स्ट्राइक और बम धमाके के बाद आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। सायरन बजते ही पूरा प्रशासनिक और सुरक्षा अमला सक्रिय हो गया।
इस ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम (Response Time) और आपसी समन्वय को परखना था। सूचना मिलते ही बीछवाल और मुरलीधर व्यास नगर फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियाँ रवाना हुईं। वहीं, पीबीएम अस्पताल में भी ‘घायलों’ के उपचार के लिए विशेष अलर्ट जारी कर समयबद्धता का रिकॉर्ड तैयार किया गया। पचपदरा रिफाइनरी की हालिया घटना के मद्देनजर औद्योगिक सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए यह अभ्यास महत्वपूर्ण रहा।



