Homeखटाखट स्टोरीBikaner : पीबीएम प्रशासन की मेडिसिन ICU के प्रतीक्षा हाल की अन्य...

Bikaner : पीबीएम प्रशासन की मेडिसिन ICU के प्रतीक्षा हाल की अन्य उपयोग की तैयारी, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने जताया विरोध

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर संभाग के सबसे बड़े अस्पताल पीबीएम अस्पताल में मेडिसिन आईसीयू के पास संचालित एमआरआई और सीटी स्कैन जांच के नए टेंडर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। टेंडर की शर्तों में मरीजों के परिजनों के लिए बनाए गए प्रतीक्षा हाल के उपयोग का प्रावधान शामिल किए जाने पर समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने कड़ा विरोध जताया है। बताया जा रहा है कि टेंडर दस्तावेज में संबंधित स्थान का नक्शा भी संलग्न किया गया है।

इस मुद्दे की जानकारी मिलते ही समाजसेवी रूपकिशोर व्यास और कांग्रेस नेता अरुण व्यास के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज कराई। शिष्टमंडल ने कहा कि दानदाताओं द्वारा यह प्रतीक्षा हाल विशेष रूप से मरीजों के परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनवाया गया था, ऐसे में उसका अन्य उपयोग करना अनुचित होगा।

रूपकिशोर व्यास ने कहा कि अस्पताल प्रशासन को यह भी विचार करना चाहिए कि यदि प्रतीक्षा हाल को अन्य कार्य में लिया गया तो मरीजों के परिजन आखिर ठहरेंगे कहाँ। वहीं अरुण व्यास ने कहा कि अस्पताल प्रशासन को ठेकेदार फर्म की सुविधा के बजाय मरीजों और उनके परिजनों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 20 बेड वाले मेडिसिन आईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजनों के बैठने और रात्रि विश्राम के लिए यही एकमात्र स्थान उपलब्ध है।

शिष्टमंडल ने सुझाव दिया कि प्रतीक्षा हाल के पास खाली पड़ी जगह, जो वर्तमान में कचरा डालने के काम आ रही है, उसका उपयोग किया जाए। इससे स्थान का सदुपयोग भी होगा और मरीजों के परिजनों को परेशानी भी नहीं उठानी पड़ेगी।

बाद में डॉ. बी.सी. घीया ने शिष्टमंडल के साथ मौके का निरीक्षण किया और माना कि प्रतीक्षा हाल को अन्य उपयोग में लेने से मरीजों और उनके परिजनों को असुविधा हो सकती है। उन्होंने टेंडर की शर्तों में संशोधन कर प्रतीक्षा हाल के बजाय पास की खाली जगह को उपयोग में लेने का मौखिक आश्वासन दिया।

इस दौरान कर्मचारी नेता लक्ष्मण पुरोहित, युवा कांग्रेस नेता रविकांत वाल्मीकि, सुनील बारसा, नरनारायण स्वामी, प्रकाश व्यास, अल्ताफ, भैरूरत्न बिस्सा, कमल सेवग, कैलाश सुथार और मुरली किराड़ू सहित कई लोग उपस्थित रहे।



ताजा खबर