आपणी हथाई न्यूज, नाथद्वारा से बीकानेर आ रही एक निजी ट्रेवल्स (नीलम ट्रेवल्स ) बस में महिला यात्रियों को आरक्षित सीट नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग के बावजूद महिलाओं को उनकी निर्धारित सीटों पर बैठने नहीं दिया गया और विरोध करने पर बीच रास्ते में उतारने तक की चेतावनी दी गई। घटना के बाद महिला यात्रियों ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
महिला यात्रियों के अनुसार उन्होंने पहले से सीटों की बुकिंग करवाई थी, जिसमें कुछ सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित थीं। यात्रा के दौरान जब उन्होंने अपनी बुक की हुई सीटों पर बैठने का प्रयास किया तो बस परिचालक ने सीटें उपलब्ध नहीं होने की बात कही। यात्रियों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया।
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि मामले की शिकायत बस संचालन से जुड़े नंबरों पर भी दर्ज कराई गई, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। इसके बाद उन्होंने बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी और कथित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी अधिकारियों को उपलब्ध कराई।
महिला यात्रियों ने मांग की है कि यात्रियों के अधिकारों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


