


आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के उदयरामसर स्थित एक निजी विद्यालय में छात्रा के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा की मां ने इस संबंध में गंगाशहर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए विद्यालय प्रशासन और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों के अनुसार, 18 फरवरी को कक्षा अध्यापिका ने छात्रा की डंडे से कथित रूप से पिटाई की, जिससे बच्ची के पैर में काफी दर्द है और उसे चलने-फिरने में कठिनाई हो रही है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि करीब 15 दिन पहले भी छात्रा को लोहे की स्केल से पीटा गया था, लेकिन उस समय आपसी समझाइश के बाद मामला शांत हो गया था।
हैरानी की बात यह है कि जब अभिभावक इस घटना की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे, तो प्रधानाचार्य और स्टाफ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और छात्रा का टीसी (Transfer Certificate) काटने की धमकी दी। हालांकि, परिजनों का दावा है कि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है, लेकिन पुलिस की ओर से फिलहाल शिकायत मिलने की बात से इनकार किया गया है।


