


Rajasthan Weather आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में मौसम के मिजाज में आया अचानक बदलाव अब और भी उग्र रूप धारण करने वाला है। सक्रिय हुए नए और ताकतवर पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तपती गर्मी का दौर थम गया है। बीते रविवार को राज्य के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर हुई हल्की बूंदाबांदी और शेखावाटी की ठंडी हवाओं ने पारा गिराकर लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दिलाई है। बादलों की आवाजाही ने पूरे प्रदेश को फिलहाल अपनी आगोश में ले रखा है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, आज दोपहर के बाद जोधपुर, बीकानेर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में मौसम का सबसे ज्यादा रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी आंधी चलने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। किसान भाइयों और राहगीरों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है क्योंकि हवाओं की गति अचानक बढ़ सकती है।
आगामी 24 घंटों में इस विक्षोभ का असर अपने चरम पर होगा। 7 अप्रैल को जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं, जहां 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 8 अप्रैल से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और केवल उत्तरी-पूर्वी हिस्सों में ही हल्की छींटे पड़ेंगे। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 9 अप्रैल से राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और सूरज के तेवर फिर से कड़े होने शुरू हो जाएंगे।


