

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, अपने ‘AURA इंडिया टूर 2026’ के तहत देशभर में धूम मचा रहे मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने रविवार रात मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक यादगार लाइव कॉन्सर्ट किया। शहर के ‘डिलाइट दस्तूर’ ग्राउंड में आयोजित यह शो अपनी शानदार प्रस्तुति के साथ-साथ इससे जुड़े विवादों और प्रशासनिक बंदिशों के कारण भी सुर्खियों में रहा। हालांकि, तमाम रुकावटों के बावजूद दिलजीत ने मंच पर उतरकर अपने दमदार अंदाज से प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

कॉन्सर्ट का आगाज बेहद जोशीले अंदाज में हुआ, जब मंच पर पहुंचते ही दिलजीत ने दर्शकों से ‘जय श्री महाकाल’ का जयकारा लगवाया। उन्होंने बेबाकी से अपनी बात रखते हुए कहा कि यह बाबा महाकाल की पावन धरती है और उन्हें यहां आने से कोई नहीं रोक सकता। अपने विरोधियों की ओर इशारा करते हुए गायक ने साफ किया कि उन्हें शहर आने से रोकने के लिए कई तरह की कोशिशें की गईं, लेकिन वे न पहले कभी डरे थे और न ही आज डरते हैं। उन्होंने कहा कि अपने फैंस से किया वादा निभाने के लिए वे हर बाधा को पार कर यहां पहुंचे हैं।

शो के दौरान प्रशासन द्वारा लगाई गई पाबंदियों और चार खास गाने न गाने की हिदायत को लेकर दिलजीत की नाराजगी भी मंच से साफ नजर आई। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन पर कई तरह की बंदिशें लगाई गईं कि क्या गाना है और क्या नहीं। इसी बीच, उन्होंने इंदौर के ही दिवंगत शायर राहत इंदौरी की मशहूर गजल के शेर पढ़कर माहौल में जोश भर दिया। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा, “हमारे मुंह से जो निकले वही सदाकत है… अगर खिलाफ हैं होने दो जान थोड़ी है, ये सब धुआं है कोई आसमान थोड़ी है।” इसके साथ ही उन्होंने ‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’ जैसी पंक्तियां सुनाकर आलोचकों को सीधा और तीखा संदेश दिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि इस मेगा शो से ठीक पहले शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हड़कंप मच गया था।
कॉन्सर्ट को प्रभावित करने के मकसद से इंदौर के मेयर कार्यालय, तीन प्रमुख बैंकों और तीन निजी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की गहन जांच में ये सभी धमकियां पूरी तरह फर्जी पाई गईं। इसके बाद प्रशासन ने कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच इस कार्यक्रम को आयोजित करने की अनुमति दी।



