

आपणी हथाई बीकानेर न्यूज,राजस्थान की बीकानेर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैंग-हैरी बॉक्सर से जुड़े एक मुख्य आरोपी को दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी दुर्गेश सोनी (20), मध्य प्रदेश के एक बड़े व्यापारी से 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने के मामले में वांछित था। बीकानेर पुलिस ने यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस के साथ साझा इनपुट के आधार पर की है। आरोपी पर एमपी पुलिस द्वारा 20 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।
शूटरों की खरीद और पैसों का लेन-देन था मुख्य काम
सिटी कोतवाली थाने में आज हुई प्रेस वार्ता में एसपी मृदुल कच्छावा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दुर्गेश सोनी इस रंगदारी प्रकरण का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। उसका मुख्य काम गैंग के लिए शूटरों का इंतजाम करना और अवैध वसूली के पैसों का ट्रांजेक्शन संभालना था। पुलिस के अनुसार, दुर्गेश पूर्व में जेल में रहने के दौरान लॉरेंस गैंग के सदस्यों के संपर्क में आया था और वहीं से उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा।
हथियारों के साथ बीकानेर पुलिस ने दबोचा
आईजी ओमप्रकाश और एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने जाल बिछाकर फड़ बाजार क्षेत्र से दुर्गेश को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से दो अवैध देशी पिस्टल भी बरामद की गई हैं, जिसके चलते बीकानेर पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस टीम का नेतृत्व सीओ सिटी अनुज डाल और कोतवाली थानाधिकारी सविता डाल ने किया, जिसमें एएसआई सुखलाल की विशेष भूमिका रही।
गैंग के नेटवर्क की हो रही है जांच
पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि दुर्गेश के साथ स्थानीय स्तर पर और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं। पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों की रेकी की है और गैंग के मुख्य सरगनाओं को किन-किन व्यापारियों की गोपनीय जानकारी साझा की है। गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पूर्व में एक अन्य आरोपी मनीष सुथार और एक पूर्व नाबालिग को भी गिरफ्तार कर चुकी है।


