

आपणी हथाई न्यूज, सनातन धर्म साधना पीठ के द्वारा आगामी पुरुषोत्तम मास के पावन उपलक्ष्य में बीकानेर की धर्म धरा मे पहली बार विष्णुपुराण कथा रसोत्सव का आयोजन 17 मई से 23 मई तक रत्ताणी व्यासों की बगेची, पुष्करणा ग्राउंड के पीछे किया जाएगा। पीठ के प्रवक्ता पवन राठी ने बताया कि श्री मरुनायक व्यास पीठाधीश्वर पंडित भाईश्री के द्वारा कथा का वाचन किया जाएगा।
अशोक सांखला ने सपत्नीक कथा स्थान का भूमि पूजन पंडित अशोक ओझा के सान्निध्य में पंडित मुरली पुरोहित, पंडित चेतन जोशी, पंडित राघव रंगा के द्वारा सम्पन्न करवाया गया। पंडित भाईश्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि बीकानेर की धरती पर विष्णुपुराण का यह दिव्य,नव्य एवम भव्य आयोजन होगा। जिसमे समस्त सनातनी भागीदार बनकर अधिक मास का पुण्य अर्जित कर सकेंगे।
अधिक मास को भगवान विष्णु का महीना माना जाता है, जो पूजा, दान, और आध्यात्मिक साधना के लिए अत्यंत पवित्र और कल्याणकारी है। इस माह में भगवान विष्णु की पूजा से मनोकामनाएं पूरी होती हैं और पापों का नाश होता है। अधिक मास की महत्ता बताते हुए कहा कि भगवान विष्णु ने इस मास को अपना नाम (पुरुषोत्तम) दिया है, इसलिए यह मलमास या अधिक मास होने के बावजूद “पुरुषोत्तम मास” कहलाता है।
इस महीने में की गई पूजा, व्रत, जप-तप, दान और भगवद कथा का फल कई गुना बढ़कर मिलता है। इसका वैज्ञानिक संतुलन यह माना गया है कि सूर्य वर्ष और चंद्र वर्ष के बीच के अंतर को संतुलित करने के लिए हर तीसरे साल में एक बार आता है, जिससे त्योहार और ऋतु-समय व्यवस्थित रहते हैं।यह मास आत्म-चिंतन और आत्म-शुद्धि का उत्तम समय माना जाता है। 7 दिवस चलने वाली कथा का समय दोपहर 1:15 बजे से 5:15 बजे तक रहेगा। कथा पंडाल में लगभग 1500 भक्तजनों के बैठने की व्यवस्था रहेगी।


