

आपणी हथाई न्यूज, राज्य सरकार इस बार रक्षा बंधन पर प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को खास उपहार देने जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से उन्हें न सिर्फ 501 रुपए की राशि दी जाएगी, बल्कि राजस्थान रोडवेज में दो दिन तक नि:शुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश की लगभग 1.25 लाख आंगनबाड़ी बहनों को यह राशि रक्षाबंधन से पहले सीधे उनके खातों में भेजी जाएगी, जिससे वे त्योहार को और अच्छे से मना सकें। इसके साथ ही उन्हें एक-एक छाता भी भेंट किया जाएगा, जो इस मानसूनी मौसम में उपयोगी भी रहेगा और एक प्रतीकात्मक सम्मान भी होगा।
सरकार ने इस अवसर को खास बनाने के लिए 5 अगस्त को ‘आंगनबाड़ी बहन सम्मान दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे ‘सुरक्षा-सम्मान पर्व’ नाम दिया गया है। जिला स्तर पर भी इस दिन कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें करीब 600 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं भाग लेंगी।


