आपणी हथाई न्यूज, प्रदेश की सियासत में इन दिनों मंत्रिमंडल फेरबदल और विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी चर्चा को और अधिक बल तब मिला जब सीएम भजनलाल दिल्ली दौरों में पीएम नरेंद्र मोदी ,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और संगठन मंत्री बीएल संतोष जैसे दिग्गजों से मुलाकात कर चुके है। अब देखना ये होगा कि राजस्थान की इस सियासत में आगे क्या बदलाव या विस्तार नजर आता है।
इन्ही खबरों के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक व्हाट्सएप चैट स्क्रीनशॉट ने सियासी हलचल और बढ़ा दी है। इस चैट में कुछ विधायकों और नेताओं के नामों का जिक्र है, जिन्हें हटाने और नए चेहरों को शामिल करने की बात कही गई है।
वायरल हुए स्क्रीनशॉट ‘ड्रॉप’ और ‘कमिंग’ लिस्ट के रूप में कुछ नामों का जिक्र किया गया है। जिसमे ड्रॉप लिस्ट में प्रेमचंद, हेमंत मीणा, अविनाश गहलोत, सुमित गोदारा और दिया/राज्यवर्धन में से एक का नाम शामिल है।
वहीं इसी स्क्रीनशॉट में नीचे ‘कमिंग’ लिस्ट में अनीता भदेल, किरोड़ी मानी डिप्टी, पुष्पेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह, जितेन्द्र गोटवाल और आदूराम मेघवाल जैसे नाम शामिल हैं। इसके अलावा भेरम सियोल और कुलदीप धनकड़ का भी उल्लेख किया गया है।
संदेश में यह भी लिखा गया है कि ‘मंत्रिमंडल शनिवार को… और विधानसभा सत्र से पहले किसी भी हाल में इसमें बदलाव होगा।’ इस संदेश के सामने आने के बाद सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि, इस लिस्ट की न तो आधिकारिक पुष्टि हुई है और न ही सरकार की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया आई है। लेकिन यह स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद से ही मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें और तेज हो गई हैं। बता दें कि राजस्थान की 16 विधानसभा का चौथा सत्र आगामी 1 सितंबर से शुरू होगा। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।


