


आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अपडेट है। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU), कोटा ने PTET-2026 के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस बार प्रवेश प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया गया है, जिसका सीधा असर प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों पर पड़ेगा।
30 मार्च तक करें आवेदन, 14 जून को होगी परीक्षा
इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट ptetvmoukota2026.in पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, पीटीईटी प्रवेश परीक्षा का आयोजन 14 जून 2026 को किया जाएगा।
बड़ा बदलाव: 4 वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में नहीं मिलेगा प्रवेश
विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं मुख्य समन्वयक प्रो. बीएल वर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस सत्र में केवल 2 वर्षीय B.Ed कोर्स के लिए ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। अब तक संचालित होने वाले 4 वर्षीय इंटीग्रेटेड BA-B.Ed और BSc-B.Ed कोर्स में एडमिशन प्रक्रिया बंद कर दी गई है।
क्यों बंद हुआ इंटीग्रेटेड कोर्स ?
नेशनल काउंसिल ऑफ टीचर एजुकेशन (NCTE) के नए नियमों के तहत पुराने इंटीग्रेटेड कोर्स को ITEP (Integrated Teacher Education Programme) में बदला जा रहा है। इसी बदलाव के कारण शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पुराने फॉर्मेट वाले 4 वर्षीय कोर्स में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
पात्रता और आयु सीमा
न्यूनतम आयु: आवेदक की आयु कम से कम 17 वर्ष होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता: सामान्य वर्ग के लिए स्नातक (Graduation) या स्नातकोत्तर (PG) में न्यूनतम 50% अंक अनिवार्य हैं।
आरक्षित वर्ग: राजस्थान के मूल निवासी SC, ST, OBC, MBC, दिव्यांग और विधवा/परित्यक्ता महिलाओं के लिए न्यूनतम अंकों में छूट देते हुए इसे 45% रखा गया है।


