Homeखटाखट स्टोरीTrain Accident : चलती ट्रेन से गिरने से युवक की मौत, झाड़ियों...

Train Accident : चलती ट्रेन से गिरने से युवक की मौत, झाड़ियों में मिला शव

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर संभाग के लूणकरणसर-नाथवाना रेलवे स्टेशन के बीच रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ चलती ट्रेन से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भनक लगते ही स्थानीय रेलवे प्रशासन ने रात करीब 10 बजे सामाजिक सरोकार निभाने वाली संस्था ‘टाइगर फोर्स’ को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही संस्था के सदस्य, स्थानीय पुलिस और ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और अंधेरे में ही रेलवे ट्रैक के आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

घंटों की मशक्कत के बाद ग्रामीणों को रेलवे पिलर संख्या 236 के समीप झाड़ियों में एक क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। पुलिस ने जब मृतक के कपड़ों की तलाशी ली, तो उसमें मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त राधेश्याम भाटी (पुत्र नेमीचंद भाटी) के रूप में हुई, जो चूरू जिले के राजलदेसर (अथूना बास) का निवासी था। शिनाख्त होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राजलदेसर में उनके परिजनों से संपर्क साधकर हादसे की जानकारी दी। फिलहाल शव को स्थानीय उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।

इस हादसे को लेकर लूणकरणसर थाने के एएसआई सुरेश कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में जीआरपी (रेलवे पुलिस) को आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया गया है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई उन्हीं के द्वारा की जाएगी। हालांकि, युवक किस ट्रेन से यात्रा कर रहा था और किन परिस्थितियों में वह ट्रेन से नीचे गिरा, इन सवालों के जवाब पुलिस और जीआरपी की संयुक्त जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएंगे।

 



ताजा खबर