

Rajasthan New Bharti: राजस्थान सरकार ने बेरोजगार इंजीनियर युवाओं को बड़ी राहत देते हुए जलदाय विभाग में 1050 संविदा सपोर्ट इंजीनियरों की भर्ती का ऐलान किया है। इस कदम से जहां प्रदेश की पेयजल योजनाओं को मजबूती मिलेगी, वहीं BE/B.Tech और डिप्लोमा धारकों को सरकारी क्षेत्र में काम करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
प्रदेश के जलदाय विभाग कार्यालयों में वर्षों से कनिष्ठ अभियंताओं के पद खाली पड़े हैं। इन खाली पदों के कारण पेयजल परियोजनाओं के संचालन में रुकावट आ रही है। नई योजनाओं की तैयारी और स्वीकृति प्रभावित हो रही है, जिससे लाखों लोगों को नियमित पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
कितने पद?
बाड़मेर और बालोतरा जैसे क्षेत्रों में स्थिति बेहद चिंताजनक है, जहां अधिकांश पद खाली हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, जयपुर द्वारा यह भर्ती प्रक्रिया चलाई जाएगी। कुल 1050 पदों पर संविदा आधार पर सपोर्ट इंजीनियर (Support Engineer) की नियुक्ति की जाएगी। इन पदों को भरने से राज्य भर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की जल योजनाओं को गति मिलेगी।
कितनी मिलेगी सैलरी?
चयनित अभियंताओं को ₹16,900 प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। उनका कार्य विभाग की पेयजल परियोजनाओं का जमीनी संचालन, टूटी पाइपलाइन की मरम्मत, नई योजना का प्रस्ताव तैयार करना, स्वीकृति दिलवाना और क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा। इन नियुक्तियों से बाड़मेर, बालोतरा सहित पूरे राजस्थान में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल संकट की समस्या में कमी आएगी, साथ ही लंबे समय से लंबित योजनाओं को गति मिलेगी।
उम्र सीमा व आवेदन तारीख
उम्र सीमा की बात करें तो न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष रखी गई है। अभी तक आवेदन की तिथि और विस्तृत विज्ञापन जारी नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर इसका नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।
योग्यता
BE/B.Tech (सिविल, मैकेनिकल)
डिप्लोमा (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल)


