


आपणी हथाई न्यूज, नेपाल में राजस्थान के भरतपुर के बयाना विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक ऋतु बनावत कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान नेपाल बॉर्डर पर फंस गई हैं। उनका एक वीडियो आया है । विधायक ने कहा है कि वह कैलाश मानसरोवर यात्रा पर अपने पति ऋषि बंसल के साथ गई थी, जहां चीन-नेपाल बॉर्डर पर वह फंसी हुई है। उल्लेखनीय है कि बीते दो दिनों से सरकार के खिलाफ जनता सड़क पर है। वहां सियासी संकट छाया हुआ है।
विधायक ऋतु बनावत 3 सितंबर से 11 सितंबर तक वह कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गई हैं लेकिन यात्रा के अंतिम चरण में चीन नेपाल बॉर्डर पर स्थित पुरांग क्षेत्र में वह फंस गई हैं । फिलहाल नेपाल में हो रहे विद्रोह के चलते यात्रा दल को रोक दिया गया है। हालांकि वह सुरक्षित हैं और प्रशासन के लगातार संपर्क में है ।
मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नेपाल में फंसीं विधायक ऋतु बनावत से फोन के जरिए बात की। उन्हें और उनके परिवार की मदद करने का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा सीएम भजनलाल ने नेपाल में फंसे अन्य राजस्थानी नागरिकों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रभावित लोगों से भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने की अपील की है। राज्य सरकार भी केंद्र और दूतावास के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रखे हुए है।


