Rajasthan आपणी हथाई न्यूज,राजस्थान के फलोदी जिले के पलीना साथरी राजकीय विद्यालय की एक महिला शिक्षक ने भरी क्लास में स्कूल के प्रधानाध्यापक को दो थप्पड़ जड़ने का मामला सामने आया है।
इस मामलें में महिला शिक्षक ने हेडमास्टर पर अश्लीलता का आरोप लगाया है, जबकि हेडमास्टर का कहना है कि महिला शिक्षक का ट्रांसफर रुकवाने से वह नाराज थी।
घटना की जानकारी मिलने पर प्रधानाध्यापक के समर्थन में ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया।बताया जा रहा है कि फलोदी के पलीना साथरी गांव के राजकीय विद्यालय में महज दो ही अध्यापक हैं। एक के तबादले के बाद पूरे स्कूल की व्यवस्था सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे रह जाती।
प्रधानाध्यापक का कहना है कि अध्यापिका के तबादले की चिट्ठी की जानकारी उसने ग्रामीणों को दी, ग्रामीणों ने तबादला रुकवा दिया, जिसके चलते अध्यापिका ने उन पर यह सब गलत आरोप लगाकर हाथ उठाया है। मामले की शिकायत शिक्षा विभाग तक पहुंची है। कुछ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाईश कर स्कूल के मुख्य द्वार का ताला खुलवाया।
फूट-फूट कर रोये प्रधानाध्यापक जी
प्रधानाध्यापक पुरखाराम जाट ने फूट-फूट कर रोते हुए सभी बच्चों और अभिभावकों को घटना के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि स्कूल पहुंचकर बच्चों को कक्षा-कक्ष एवं बरामदे में बैठाने के बाद जब वे ऑफिस में चौक लेने के लिए झुके, तो शिक्षिका ने उन्हें दो थप्पड़ मारे। घटना के समय कई बच्चे मौजूद थे।


