


Train Accident आपणी हथाई न्यूज, मंगलवार की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उत्तराखंड के चमोली जिले में टिहरी हाइड्रो डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (THDC) की निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना में सुरंग के अंदर खड़ी ट्रेन से एक दूसरी ट्रेन जा भिड़ी। जानकारी के अनुसार पीपलकोटी क्षेत्र स्थित विष्णुगाड–पीपलकोटी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी सुरंग के अंदर दो लोको ट्रेनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें करीब 60 मजदूर घायल हो गए।
एक ट्रेन में सवार थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना रात करीब 8:30 बजे हुई, जब शिफ्ट बदल रही थी। मजदूरों को लेकर बाहर जा रही एक लोको ट्रेन सुरंग के भीतर पहले से खड़ी दूसरी लोको ट्रेन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दो डिब्बे पटरी से उतर गए और परियोजना स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल सभी मजदूरों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। 42 घायलों का इलाज गोपेश्वर जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि करीब 17 मजदूरों को पीपलकोटी स्थित विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव कार्य के तहत सभी घायलों को सुरक्षित सुरंग से बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही चमोली जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जिला मजिस्ट्रेट गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने गोपेश्वर जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। डीएम ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक ही पटरी पर खड़ी थी दोनों लोको ट्रेनें
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूरों को ले जा रही लोको ट्रेन उसी पटरी पर खड़ी दूसरी ट्रेन से जा टकराई, जिससे यह दुर्घटना हुई। फिलहाल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
444 मेगावाट की अहम जलविद्युत परियोजना
विष्णुगाड–पीपलकोटी परियोजना अलकनंदा नदी पर हेलंग और पीपलकोटी के बीच विकसित की जा रही है। इस 444 मेगावाट की जलविद्युत योजना में चार टरबाइन लगाए जाएंगे, जिनसे प्रत्येक 111 मेगावाट बिजली उत्पादन होगा। परियोजना का कार्य अगले वर्ष तक पूरा होने की संभावना है। सुरंग के भीतर मजदूरों, अधिकारियों और सामग्री के आवागमन के लिए लोको ट्रेनों का उपयोग किया जाता है।


