Rajasthan आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया, जिसमें 6 महिलाओं की असामयिक मृत्यु हो गई। हादसा फतेहपुर उपखंड क्षेत्र के हरसावा गांव के पास जयपुर बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर हुआ, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला।
लक्ष्मणगढ़ से लौट रही थीं महिलाएं: पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी मृतक महिलाएं फतेहपुर की निवासी थीं और रघुनाथपुर से लक्ष्मणगढ़ में एक बैठक में शामिल होकर वापस लौट रही थीं। मृतकों की पहचान संतोष, तुलसी देवी, मोहन देवी, इन्द्रा, आशा और चंदा के रूप में हुई है। वहीं, इस हादसे में वशीम, सोनू और बरखा गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सीकर रेफर किया गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम: दुर्घटना के बाद जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आधे घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही फतेहपुर थानाधिकारी सुरेंद्र देगड़ा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर रास्ता साफ कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को फतेहपुर के राजकीय उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


