


आपणी हथाई न्यूज नोखा, उपखंड के रोड़ा गांव (प्रहलादपुरा क्षेत्र) में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका अर्चना के पिता, जसरासर निवासी जयनारायण बिश्नोई ने नोखा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने और सबूत मिटाने का गंभीर आरोप लगाया है। पिता के अनुसार, अर्चना की शादी 10 साल पहले रोड़ा गांव निवासी सुभाष बिश्नोई से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज और विशेष रूप से कार की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। दो महीने पहले पीहर आने पर भी अर्चना ने अपने परिजनों को ससुराल वालों द्वारा दी जा रही यातनाओं के बारे में बताया था।
शुक्रवार दोपहर को पति सुभाष ने फोन कर अर्चना कीमौत की सूचना दी, जिसके बाद परिजन तुरंत नोखा जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति सुभाष, ससुर ओमप्रकाश, भंवरी, निरंजन और सपना के खिलाफ हत्या व सबूत नष्ट करने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और शव का पोस्टमार्टम शनिवार को करवाया जाएगा।


