आपणी हथाई न्यूज,टी-20 विश्व कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 61 रनों के विशाल अंतर से धूल चटाकर शान से सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है। कोलंबो के मैदान पर पहले ईशान किशन के बल्ले ने कोहराम मचाया और फिर भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। हार का आलम यह रहा कि पूरी पाकिस्तानी टीम मिलकर भी उतने रन नहीं बना सकी, जितने रनों के अंतर से उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इस शर्मनाक प्रदर्शन के बाद जहां सोशल मीडिया पर भारतीय प्रशंसक मजे ले रहे हैं, वहीं पाकिस्तान के भीतर गुस्से का ज्वालामुखी फट पड़ा है। अपनी टीम की इस दुर्दशा पर दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया है और उन्होंने हार के लिए सीधे तौर पर पीसीबी के प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। बोर्ड अध्यक्ष मोहसिन नकवी और सीनियर खिलाड़ियों को आड़े हाथों लेते हुए अख्तर ने तीखा प्रहार किया। शोएब ने कहा:
”नकवी जो क्रिकेट नहीं जानते, पीसीबी के चेयरमैन बन गए हैं। वे बाबर को सुपरस्टार कहते हैं और वह हमें एक भी गेम नहीं जिता सकते, दुनिया का सबसे बड़ा जुर्म है नाकाबिल और जहील आदमी को बड़ा काम देना।”


