Homeखटाखट स्टोरीराजस्थान विधानसभा: गैंगस्टर्स की धमकियों पर गरमाया सदन, रविंद्र भाटी की मांग-...

राजस्थान विधानसभा: गैंगस्टर्स की धमकियों पर गरमाया सदन, रविंद्र भाटी की मांग- ‘यूपी-बिहार की तर्ज पर हो एक्शन’

basic ad

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान विधानसभा में शून्यकाल के दौरान प्रदेश में गैंगस्टर्स द्वारा दी जा रही धमकियों का मुद्दा भारी शोर-शराबे के बीच उठाया गया। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने सदन में प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाने की मांग करते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक यूपी-बिहार की तर्ज पर कड़ा एक्शन नहीं लिया जाएगा, तब तक अपराधियों में खौफ पैदा नहीं होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर एक अपराधी पर कड़ा प्रहार किया जाएगा, तो सौ अन्य अपराधियों में अपने आप दहशत बैठ जाएगी।

जेल से चल रहा सिंडिकेट और आम जनता में दहशत
विधायक भाटी ने सदन को बताया कि आज प्रदेश में हालात इतने चिंताजनक हो चुके हैं कि अपराधी जेल की सलाखों के पीछे बैठकर भी अपना नेटवर्क बेखौफ चला रहे हैं। इंटरनेट कॉलिंग के जरिए प्रदेश के रसूखदार लोगों से लेकर गली-मोहल्ले के परचून दुकानदारों तक को धमकियां दी जा रही हैं।खौफ का आलम यह है कि आमजन पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराने से कतरा रहा है और दहशत के मारे लोग अपने बच्चों को स्कूल भेजने से भी डरने लगे हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआत में पुलिस द्वारा केस दर्ज न करने और अपराधियों का नाम छिपाने की वजह से उनके हौसले और अधिक बुलंद हो गए।

पुलिस सुरक्षा पर सवाल और नेक्सस की जांच की मांग
धमकियां मिलने के बाद पुलिस द्वारा दी जाने वाली सुरक्षा पर भी भाटी ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित के घर के बाहर केवल दो सिपाही तैनात कर देती है, जबकि गैंगस्टर फोन करके पीड़ितों से पूछते हैं कि क्या ये दो पुलिस वाले तुम्हारी जान बचा पाएंगे।भाटी ने सदन का ध्यान इस संगठित अपराध के पीछे काम कर रहे तंत्र की ओर खींचते हुए पूछा कि आखिर जेल में बैठे इन गैंगस्टर्स तक सटीक सूचनाएं और हथियार कौन पहुंचा रहा है। उन्होंने इस पूरे नेक्सस का पर्दाफाश करने और गैंगस्टर्स को पनाह या मदद देने वालों की संपत्ति कुर्क करने की पुरजोर मांग की। साथ ही, अपराध की दुनिया में धकेले जा रहे नाबालिग बच्चों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई।

 

सरकार का पलटवार और पिछली सरकार पर निशाना
रविंद्र सिंह भाटी के इस स्थगन प्रस्ताव पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि सरकार अपराधियों पर नकेल कसने के लिए मुस्तैद है और इसके लिए विशेष रूप से एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स का गठन किया गया है। बेढम ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय प्रदेश में ‘जंगलराज’ था, जहां व्यापारियों को धमकियां मिलना, अपहरण और फायरिंग की घटनाएं आम बात थीं। मंत्री ने स्वीकार किया कि अपराध पर अभी 100 फीसदी अंकुश भले ही न लगा हो, लेकिन मौजूदा सरकार के सख्त कदमों से स्थिति में काफी हद तक सुधार आया है।



ताजा खबर