


आपणी हथाई क्राइम न्यूज, बीकानेर जिले की नोखा तहसील पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। उगमपुरा बास इलाके में एक स्वर्णकार व्यापारी के घर में घुसकर लाखों रुपये का रिफाइंड सोना चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने महज 8 घंटों के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया माल भी बरामद कर लिया है।
साढ़े सात लाख से अधिक की ठगी और चोरी
घटना के संबंध में उगमपुरा बास निवासी मनोज सोनी पुत्र रामुराम सोनी ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 22 मार्च को कुछ लोग गाड़ी में सवार होकर रिफाइंड सोना खरीदने के बहाने उनके घर आए थे। सोना देखने के दौरान बदमाशों ने व्यापारी की आंखों में धूल झोंकी और बड़ी चतुराई से करीब 15-16 तोला सोने के दो पैकेट पार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत अपनी गाड़ी से फरार हो गए।
CCTV और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सीआई अरविंद भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी की और मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए आधे दर्जन से अधिक बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि क्षेत्र में हुई अन्य संभावित वारदातों का भी सुराग लग सके।


