

आपणी हथाई न्यूज, सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से देश की राजधानी एक बड़े खतरे से बाल-बाल बच गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और महाराष्ट्र ATS ने एक साझा Joint Operation को अंजाम देते हुए मुंबई से दो संदिग्धों, मोस्साब अहदम उर्फ ‘कलाम कल्याण’ और मोहम्मद हमद कोल्लारा को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि ये दोनों संदिग्ध ‘टॉय कार’ (खिलौना कार) का इस्तेमाल कर दिल्ली के भीड़भाड़ वाले इलाकों में विस्फोट करने की फिराक में थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी इंटरनेट के जरिए विस्फोटक बनाने की ट्रेनिंग ले रहे थे और उनके तार जैश-ए-मोहम्मद व ISIS जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े होने की आशंका है।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी सोशल मीडिया और ‘मिशन खिलाफत’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए कट्टरपंथी विचारधारा की ओर झुके और विदेशी हैंडलर ‘अबू हफेजा’ के लगातार संपर्क में थे। यह हैंडलर ऑनलाइन माध्यम से युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाता है। फिलहाल, दोनों संदिग्धों को दिल्ली लाकर गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों और भविष्य की योजनाओं का पर्दाफाश किया जा सके। इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।


