Homeधर्म-धाराधर्मधारा: सुजानदेसर मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव व कलश यात्रा का होगा...

धर्मधारा: सुजानदेसर मंदिर में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव व कलश यात्रा का होगा आयोजन 

आपणी हथाई न्यूज, सुजानदेसर स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर प्रांगण में संत हीरानंद देवसीदास के नव-निर्मित मंदिर एवं मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन 26 अप्रैल को किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी अपेक्षित है। आयोजनकर्ता कन्हैयालाल कच्छावा ने जानकारी देते हुए बताया कि संत हीरानंद देवसीदास एवं उनके गुरु गोरधनदास की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा उसी स्थान पर की जा रही है, जहां पूर्व में उनकी समाधि स्थित थी। इस पावन स्थल पर संगमरमर पत्थरों से भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा। डॉ. कन्हैया कच्छावा ने बताया कि 26 अप्रैल को सुबह से ही बाबा रामदेव जी मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी। कार्यक्रम के तहत कलश यात्रा निकाली जाएगी और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ मूर्ति स्थापना का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व 25 अप्रैल को सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी रखा गया है। इस अवसर पर लालचंद कच्छावा, हुकमचंद, किशन कुमार, प्रेम गहलोत, राजू कच्छावा, सुनील कच्छावा, पूर्व अध्यक्ष मंदिर ट्रस्ट रविशंकर कच्छावा, नेमीचंद गहलोत, तेजकरण, ओमप्रकाश, कैलाश कच्छावा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर पोस्टर का विमोचन भी किया गया और आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों पर चर्चा की गई। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बनाने के साथ-साथ लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का कार्य करेगा।



ताजा खबर