Homeक्राइमBikaner Crime : बीकानेर में मिली थी 70 करोड़ की हेरोइन, पंजाब...

Bikaner Crime : बीकानेर में मिली थी 70 करोड़ की हेरोइन, पंजाब की जेल से पाकिस्तान तक बुना तस्करी का जाल, मास्टरमाइंड राकेश के लिए डिलीवरी करने वाले दो युवक गिरफ्तार

आपणी हथाई ​बीकानेर न्यूज, राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बहुत बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पूगल और खाजूवाला बॉर्डर के जरिए संचालित होने वाले इस नेटवर्क के तार राजस्थान से लेकर पंजाब की जेलों तक जुड़े हुए हैं। इस पूरे मामले का खुलासा एक सड़क हादसे के बाद हुआ, जिसने पुलिस को अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफियाओं की दहलीज तक पहुँचा दिया।

एक दुर्घटना और करोड़ों का खुलासा
यह मामला 22 अप्रैल को तब सामने आया जब पूगल रोड पर स्कूटी सवार खेताराम मेघवाल एक नीलगाय से टकराकर घायल हो गया। जब पुलिस और राहगीरों ने उसकी मदद की, तो उसकी स्कूटी से 14 किलो हेरोइन बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 70 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी खेताराम फिलहाल पीबीएम अस्पताल में भर्ती है, और उसके पूरी तरह होश में आने के बाद कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

जेल से बुना गया तस्करी का जाल
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का मुख्य सरगना पाली निवासी राकेश प्रजापत है। राकेश पहले पंजाब की जेल में बंद था, जहाँ उसकी मुलाकात अंतरराष्ट्रीय तस्करों से हुई। जेल से बाहर आने के बाद उसने पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए आने वाली हेरोइन की खेप को ठिकाने लगाने का काम शुरू किया। राकेश के खिलाफ पाली और पंजाब में डकैती सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

जयपुर के ‘डिलीवरी मैन’ और स्थानीय कनेक्शन
तस्करी के इस खेल में जयपुर के दो युवक, राहुल रावत और प्रशांत कयाल, जो कैटरिंग का काम करते थे, राकेश के लिए ‘डिलीवरी मैन’ के रूप में काम कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें हिरासत में ले लिया है। गिरोह स्थानीय लोगों की स्कूटी का इस्तेमाल करता था ताकि किसी को शक न हो। पुलिस को संदेह है कि इस नेटवर्क के तार दिल्ली और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों तक फैले हुए हैं। बीकानेर एसपी मृदुल कच्छावा के अनुसार, जल्द ही इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

 

 



ताजा खबर