

Rajasthan Weather आपणी हथाई न्यूज,राजस्थान में झुलसाने वाली गर्मी और लू (Heatwave) के प्रकोप के बीच कुदरत ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने से मरुधरा के मौसम में बड़ा बदलाव आया है। मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 15 जिलों में मेघगर्जन, तेज आंधी और हल्की बारिश का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। जयपुर, दौसा और अलवर जैसे जिलों में सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और कहीं-कहीं रिमझिम बारिश ने पारे को नीचे गिरा दिया है। दौसा में तो चने के आकार के ओले गिरने की भी खबर है, जिससे फिजा में ठंडक घुल गई है।
बीकानेर मौसम अपडेट:
सीमावर्ती जिले बीकानेर में भी गर्मी के तेवर थोड़े ढीले पड़े हैं। बीकानेर संभाग में धूल भरी हवाओं के चलने और आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहाँ तापमान 37°C से 41°C के बीच बना हुआ है। हालांकि, दोपहर में सूरज के तीखे तेवर अभी भी बरकरार हैं, लेकिन शाम होते-होते चल रही ठंडी हवाओं ने स्थानीय निवासियों को झुलसाने वाली लू से आंशिक राहत दी है। आने वाले 24 घंटों में यहाँ भी धूल भरी आंधी और छिटपुट बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है।
आगे कैसा रहेगा हाल?
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आगामी 3-4 दिनों तक राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में आंधी-बारिश का दौर रुक-रुक कर जारी रह सकता है। जयपुर में भी अधिकतम तापमान में करीब 2.6°C की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे दिन की तपिश कम हुई है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव का असर बना रह सकता है। मई के शुरुआती हफ्ते में गर्मी और बारिश की यह ‘लुका-छिपी’ जारी रहने के संकेत हैं।


