

आपणी हथाई न्यूज, महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई (Board of Control for Cricket in India) ने 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) के हाथों में रहेगी, जबकि स्टार ओपनर स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) को उपकप्तान बनाया गया है। महिला टी20 विश्व कप 12 जून 2026 से इंग्लैंड और वेल्स में शुरू होगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा।
भारतीय टीम को टूर्नामेंट से पहले दो अहम खिलाड़ियों की चोट ने चिंता में डाल दिया है। तेज गेंदबाज काश्वी गौतम और ऑलराउंडर अमनजोत कौर चोट के चलते चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहीं। खास तौर पर अमनजोत की गैरमौजूदगी को बड़ा झटका माना जा रहा है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी माना कि उनकी कमी टीम को महसूस होगी। हालांकि टीम के पास रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा जैसे मजबूत तेज गेंदबाजी विकल्प मौजूद हैं। युवा गेंदबाज नंदिनी शर्मा पहली बार विश्व कप टीम का हिस्सा बनी हैं।
भारतीय महिला टीम हाल ही में 2025 वनडे विश्व कप जीतकर आत्मविश्वास से भरी हुई है। उस ऐतिहासिक जीत में शामिल 11 खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप टीम में भी जगह मिली है। टीम इंडिया ने वनडे विश्व कप के फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था, जिसके बाद अब नजरें टी20 विश्व कप पर टिक गई हैं।
भारत को महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप A में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, बांग्लादेश, दक्षिण अफ्रीका और नीदरलैंड्स से होगा। भारतीय टीम अपना अभियान 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले से शुरू करेगी। वहीं ग्रुप B में इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, आयरलैंड और स्कॉटलैंड की टीमें शामिल हैं।
भारत का स्क्वाड: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरणी, यास्तिका भाटिया, नंदिनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव।


