Homeखटाखट स्टोरीराजस्थान को मिली विकास की बड़ी सौगात, भारत की सबसे चौड़ी टनल...

राजस्थान को मिली विकास की बड़ी सौगात, भारत की सबसे चौड़ी टनल इस महीने से होगी शुरू, मुम्बई-दिल्ली का सफर अब आसान और तेज

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के मुकुन्दरा हिल्स टाइगर रिजर्व में बन रही प्रदेश की सबसे चौड़ी टनल अब जल्द ही आम लोगों के लिए खोल दी जाएगी। दिल्ली-मुंबई आठ लेन एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत तैयार की जा रही इस अत्याधुनिक टनल के एक हिस्से यानी चार लेन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फिलहाल सुरक्षा जांच और तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं, जिन्हें मई के मध्य तक पूरा कर यातायात शुरू करने की तैयारी है। इसके शुरू होते ही दिल्ली से गुजरात तक सफर और अधिक सुगम व तेज हो जाएगा।

करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही यह टनल 3.3 किलोमीटर लंबी और 38 मीटर चौड़ी है, जबकि कट एंड कवर हिस्से को मिलाकर इसकी कुल लंबाई लगभग 4.9 किलोमीटर है। टनल के दूसरे हिस्से में लाइटिंग, जेट फैन और अन्य आधुनिक उपकरण लगाने का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है, जिसे जून अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद दोनों ट्यूब्स में निर्बाध यातायात शुरू हो सकेगा।

इस हाईटेक टनल में सुरक्षा के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित प्रदूषण सेंसर लगाए गए हैं, जो कार्बन मोनोऑक्साइड, नाइट्रोजन और सल्फर जैसी जहरीली गैसों का तुरंत पता लगा सकेंगे। साथ ही 104 जेट फैन टनल में लगातार ऑक्सीजन और वेंटिलेशन बनाए रखेंगे। दुर्घटना या आपात स्थिति में वाहनों को निकालने के लिए दोनों ट्यूब्स को 12 स्थानों पर आपस में जोड़ा गया है, जिससे हर 300 से 400 मीटर पर इमरजेंसी निकास उपलब्ध रहेगा।

टनल में अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे और एआई आधारित सर्विलांस सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी। इसके अलावा स्काडा कंट्रोल सिस्टम वाहनों की गति और अन्य गतिविधियों पर नजर रखेगा। यात्रियों को सुरंग के भीतर इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। टनल शुरू होने के बाद दरा क्षेत्र में लगने वाले लंबे जाम से राहत मिलने के साथ ही एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की आवाजाही भी काफी तेज हो जाएगी।

 



ताजा खबर