

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान सरकार के गृह विभाग ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) के 84 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। लंबे समय से प्रतीक्षित इस सूची के सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। सरकार ने प्रदेशभर के कई जिलों, रेंज कार्यालयों, पुलिस कमिश्नरेट और विशेष शाखाओं में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। 84 RPS Transfer List
सरकार का कहना है कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, महिला सुरक्षा को प्रभावी बनाने तथा साइबर अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, पाली, दौसा, धौलपुर और श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
तबादला सूची में कई अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग देकर अहम जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को रेंज कार्यालयों और विशेष इकाइयों में लगाया गया है। निशांत भारद्वाज को पाली, दीपक कुमार को अलवर शहर, शंकर लाल मीणा को दौसा और नरेंद्र चौधरी को कोटा कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में नियुक्त किया गया है। वहीं राजेश कुमार गुप्ता को जयपुर पूर्व और लाखन सिंह मीणा को जयपुर पश्चिम की जिम्मेदारी दी गई है।
बीकानेर में भी हुई उठापटक
बीकानेर रेंज में भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। श्रवण कुमार को बीकानेर से धौलपुर भेजा गया है, जबकि दीपक कुमार का तबादला सीबी-सीआईडी बीकानेर से श्रीगंगानगर किया गया है। वहीं अजय सिंह को बाड़मेर से बीकानेर लगाया गया है। अमरजीत चावला को खाजूवाला से बीकानेर RAC, सुभाष गोदारा को हनुमानगढ़ से बीकानेर और सुरेश शर्मा को सीकर से बीकानेर में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रशांत कौशिक को श्रीगंगानगर से बीकानेर लगाया गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार महिला अपराध अनुसंधान सेल, सीआईडी-सीबी, ट्रैफिक विंग और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी इकाइयों को भी मजबूत किया गया है। सरकार आने वाले समय में फील्ड स्तर पर अनुभवी अधिकारियों की तैनाती के जरिए पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।


