

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक गोदाम में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई को तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना और सीसीटीवी फुटेज की मदद से अंजाम दिया गया।
सिटी सीओ अनूज डाल ने बताया कि घटना के बाद नयाशहर थानाधिकारी रोहित चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। जांच के दौरान मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने प्रेमकुमार उर्फ प्रेमल उर्फ ढ़क्क निया, तालिब उर्फ घोलिया, पुष्कराज और गौरीशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गोविंद पैलेस के पीछे हरलाई हनुमान मंदिर योजना क्षेत्र स्थित एक गोदाम का ताला तोड़कर वहां से गैस सिलेंडर, एल्युमिनियम के बर्तन, लोहे के खांचे, तेल और घी के पीपे सहित अन्य सामान चोरी किया था। यह घटना 27 अप्रैल की रात से 28 अप्रैल की सुबह के बीच हुई थी। मामले में परिवादी जयप्रकाश ने नयाशहर थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन गैस सिलेंडर, बड़े एल्युमिनियम बर्तन, लोहे के सामान और अन्य चोरी का माल बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं या नहीं।


