Homeक्राइमBikaner Crime : चामुंडा माता मंदिर चोरी मामले में दो और गिरफ्तार,...

Bikaner Crime : चामुंडा माता मंदिर चोरी मामले में दो और गिरफ्तार, लाखों की नकदी और चांदी के छत्र चोरी का खुलासा

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले में स्थित चामुंडा माता मंदिर में हुई बड़ी चोरी की वारदात में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गजनेर थाना पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 के अक्टूबर माह में चामुंडा माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर मंदिर से नौ चांदी के छत्र, करीब पांच से छह लाख रुपए की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया था।

मामले में परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर गजनेर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। वहीं अब पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अजित और काली उर्फ संतरो नामक दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों से चोरी की वारदात और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, संदिग्ध गतिविधियों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपी हरियाणा निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस अब चोरी हुए बाकी सामान की बरामदगी और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

 



ताजा खबर