

आपणी हथाई न्यूज, शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बीकानेर पुलिस और नगर निगम ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। महानिरीक्षक पुलिस (बीकानेर रेंज) और पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार, मंगलवार (12 मई) को नयाशहर क्षेत्र में एक बड़ा संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई गोकुल सर्किल से लेकर परशुराम द्वार (करमीसर रोड) तक की गई।
पुलिस निरीक्षक श्री नरेश निर्वाण के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान, सड़क किनारे यातायात को बाधित करने वाले अस्थाई निर्माणों को हटाया गया। दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे रखा गया सामान, तिरपाल, हाथ ठेले और रेहड़ियों को भी जब्त कर सड़क को चौड़ा किया गया।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु:
60 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई: सड़क पर यातायात बाधित करने वाले हाथ ठेले, रेहड़ी आदि को जब्त करते हुए 04 लोगों के खिलाफ 60 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
एमवी एक्ट (MV Act) के तहत चालान: नो-पार्किंग जोन में खड़े 06 वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
दुकानदारों और वाहन चालकों को हिदायत: पुलिस ने दुकानदारों को समझाइश दी कि वे दुकानों के बाहर सामान न रखें और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने के निर्देश दिए।
इस संयुक्त अभियान में यातायात पुलिस के टीआई नरेश कुमार निर्वाण, प्रभारी चल यातायात कानाराम, उप निरीक्षक रामगोपाल, नयाशहर थाने के उप निरीक्षक अजय कुमार और नगर निगम की सतर्कता दल के प्रभारी पुलिस निरीक्षक प्रदीप सिंह खिड़िया अपने पूरे जाब्ते के साथ मौजूद रहे।
एसपी की अपील:
जिला पुलिस अधीक्षक बीकानेर ने आमजन और व्यापारियों से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि शहर की मुख्य सड़कों, बस स्टैंड और मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटाने की यह संयुक्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुलभ यातायात व्यवस्था मिल सके।


