Homeखटाखट स्टोरीदेश-दुनिया : नॉर्वे के अखबार में पीएम मोदी के विवादित कार्टून पर...

देश-दुनिया : नॉर्वे के अखबार में पीएम मोदी के विवादित कार्टून पर बवाल, ‘सपेरे’ वाली छवि पर भड़के लोग

आपणी हथाई न्यूज, हाल ही में नॉर्वे के एक प्रमुख समाचार पत्र द्वारा प्रकाशित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक कार्टून ने भारी विवाद खड़ा कर दिया है। इस कार्टून में पीएम मोदी को एक सपेरे के रूप में चित्रित किया गया है, जो सांप के आकार वाले पेट्रोल पंप के पाइप को थामे हुए हैं। इसके साथ प्रकाशित लेख का शीर्षक “एक चतुर और थोड़ा परेशान करने वाला व्यक्ति” (A clever and slightly annoying man) रखा गया है।

इस चित्रण के सामने आते ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। ढेरों यूजर्स ने इसे सीधे तौर पर ‘नस्लभेदी’ करार दिया है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि पश्चिमी मीडिया अभी भी अपनी उसी पुरानी ‘सपेरों के देश’ वाली मानसिकता से बाहर नहीं आ पाया है। एक एक्स (X) यूजर ने टिप्पणी की कि यह भारत की अत्यंत पिछड़ी और भ्रामक छवि पेश करने की औपनिवेशिक मानसिकता का प्रतीक है।

इस विवाद को हवा तब और मिल गई जब एक संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान नॉर्वे की पत्रकार हेले लाइंग ने भारतीय प्रधानमंत्री से मीडिया के सवालों का जवाब न देने, प्रेस की स्वतंत्रता और मानवाधिकारों से जुड़े तीखे सवाल पूछ लिए। हालांकि, पीएम मोदी और नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनस गहर बिना कोई जवाब दिए वहां से निकल गए। इस वाकये का वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इन घटनाओं पर भारत की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज की गई है। भारतीय राजनयिक सिबि जॉर्ज ने विदेशी संस्थानों की आलोचना करते हुए कहा कि वे भारत के विशाल और जटिल लोकतंत्र को समझे बिना सतही जानकारी के आधार पर निष्कर्ष निकाल लेते हैं। उन्होंने याद दिलाया कि अकेले दिल्ली में 200 से अधिक समाचार चैनल संचालित होते हैं। गौरतलब है कि 2014 में न्यूयॉर्क के मैडिसन स्क्वायर गार्डन में पीएम मोदी ने खुद कहा था कि भारत अब ‘सपेरों का देश’ नहीं, बल्कि आईटी और तकनीक का एक वैश्विक पावरहाउस बन चुका है।

 



ताजा खबर