

आपणी हथाई न्यूज, पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल हमजा बुरहान उर्फ “डॉक्टर” की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना को पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी नेटवर्कों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

कौन है आतंकी हमजा बुरहान
हमजा बुरहान मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रतनीपोरा क्षेत्र का रहने वाला था। वह वर्ष 2017 में पढ़ाई के बहाने पाकिस्तान गया था, जहां बाद में प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल बद्र’ से जुड़ गया। कट्टरपंथ की राह पर बढ़ते हुए उसने संगठन में तेजी से प्रभाव बनाया और कमांडर स्तर तक पहुंच गया।
भारत सरकार ने वर्ष 2022 में उसे UAPA के तहत आतंकवादी घोषित किया था। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार हमजा दक्षिण कश्मीर में युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और आतंकी संगठनों में भर्ती कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। पुलवामा से शोपियां तक उसका नेटवर्क फैला हुआ बताया जाता था।
14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर विस्फोटकों से भरी गाड़ी से किए गए आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी। इस हमले के बाद भारत ने बालाकोट एयरस्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था।
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान में कई आतंकी सरगनाओं और कमांडरों की रहस्यमयी परिस्थितियों में हत्याएं हो रही हैं। लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कई बड़े नामों पर हमले हो चुके हैं। माना जा रहा है कि लगातार हो रही इन घटनाओं से आतंकी संगठनों की गतिविधियां और भर्ती नेटवर्क कमजोर पड़े हैं।


