Homeखटाखट स्टोरीदुनियादारी : इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश नाकाम, ईरान समर्थित आतंकी...

दुनियादारी : इवांका ट्रंप की हत्या की साजिश नाकाम, ईरान समर्थित आतंकी गिरफ्तार

आपणी हथाई न्यूज, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प(Donald Trump) के परिवार को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी बेटी Ivanka Trump की हत्या की योजना बनाने वाले एक संदिग्ध आतंकी को सुरक्षा एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी का संबंध ईरान समर्थित सैन्य संगठन इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गॉर्ड क्रॉप्स (Islamic Revolutionary Guard Corps -IRGC) से रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय मोहम्मद बाकर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है, जो इराक का नागरिक बताया जा रहा है। जांच एजेंसियों का दावा है कि आरोपी कई वर्षों से ट्रंप परिवार के खिलाफ बदले की भावना रखता था और विशेष रूप से इवांका ट्रंप को निशाना बनाने की तैयारी कर रहा था।

बताया जा रहा है कि आरोपी ईरान के पूर्व सैन्य कमांडर कासिम सुलेमानी (Qasem Soleimani) की मौत का बदला लेना चाहता था। गौरतलब है कि वर्ष 2020 में बगदाद में अमेरिकी ड्रोन हमले में सुलेमानी मारे गए थे। यह कार्रवाई उस समय डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर की गई थी। जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी इस घटना के बाद से ट्रंप परिवार के खिलाफ हमले की योजना बना रहा था।

सुरक्षा अधिकारियों को आरोपी के पास से फ्लोरिडा स्थित इवांका ट्रंप के निवास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां और कथित ब्लूप्रिंट भी मिले हैं। एजेंसियों का मानना है कि आरोपी लंबे समय से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था और हमले की तैयारी में जुटा हुआ था।

इराकी दूतावास के पूर्व डिप्टी मिलिट्री अटैची एंतिफाध कनबर ने भी इस मामले में बड़ा दावा किया है। उनके अनुसार आरोपी सार्वजनिक रूप से ट्रंप परिवार के खिलाफ हिंसक बयान देता था और कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की बात कहता था। फिलहाल अमेरिकी और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।

 



ताजा खबर