

आपणी हथाई न्यूज, आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले गिरोह के खिलाफ जयपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीकानेर जिलें के श्रीडूंगरगढ़ बिग्गा निवासी ओमप्रकाश शर्मा बुकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जयपुर के शिप्रापथ इलाके में किराए के फ्लैट में रहकर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चला रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार उसे दबोच लिया गया।
स्पेशल कमिश्नर ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपी “LLPANELEXCH9.CO” नाम की मास्टर आईडी के जरिए लोगों को ऑनलाइन सट्टे से जोड़ रहा था। ग्राहकों से फोन पर संपर्क कर मैचों पर दांव लगवाए जाते थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी की सट्टे में करीब 40 प्रतिशत हिस्सेदारी तय थी। पुलिस को आरोपी के पास से करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब मिला है, जिसकी जांच जारी है।


