

आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड की बहुचर्चित फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहा विवाद अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। खबर है कि इस पूरे मामले को सुलझाने के लिए बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान आगे आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान ने अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्ममेकर फरहान अख्तर के बीच सुलह कराने की पहल की है।
बताया जा रहा है कि सलमान खान ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर उन्हें विवाद खत्म करने की सलाह दी। उन्होंने फरहान अख्तर को समझाया कि फिल्म इंडस्ट्री में क्रिएटिव मतभेद होना आम बात है और ऐसे मामलों को बातचीत से सुलझाना बेहतर होता है। वहीं सलमान ने रणवीर सिंह से भी लंबी चर्चा कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
दरअसल विवाद तब बढ़ा जब रणवीर सिंह ने अचानक ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया। रिपोर्ट्स के अनुसार शूटिंग शुरू होने से कुछ हफ्ते पहले अभिनेता ने फिल्म छोड़ने का फैसला लिया, जिससे मेकर्स को बड़ा नुकसान हुआ। इसके बाद फरहान अख्तर ने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
फरहान अख्तर की शिकायत में कहा गया कि रणवीर सिंह ने अंतिम समय में फिल्म छोड़कर पूरी यूनिट को मुश्किल में डाल दिया। FWICE की ओर से रणवीर सिंह को कई नोटिस भेजे गए, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभिनेता पर बैन लगाए जाने की जानकारी साझा की गई।
अब सलमान खान की पहल के बाद माना जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव कम हो सकता है और आने वाले समय में ‘डॉन 3’ को लेकर स्थिति साफ हो सकती है।


