

आपणी हथाई न्यूज, धर्मनगरी बीकानेर के श्री राजरतनबिहारीजी मंदिर में 1 जून 2026 से श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 8 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा एवं भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कथा वाचन प्रसिद्ध कथावाचक माधव कृष्ण शास्त्री (मथुरा वाले) द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट से सजाया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन 1 जून, सोमवार को श्रीमद्भागवत जी की शोभायात्रा एवं मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ होगा। 2 जून, मंगलवार को भक्त ध्रुव, प्रह्लाद एवं कपिल चरित्र का वर्णन किया जाएगा। 3 जून, बुधवार को अजामिल चरित्र, नरसिंह अवतार एवं भक्त प्रसंगों की कथा सुनाई जाएगी। 4 जून, गुरुवार को भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की लीलाओं का वर्णन होगा।
5 जून, शुक्रवार को नंदोत्सव, बाल लीलाएं, गोचारण लीला और गोवर्धन पूजा का प्रसंग रहेगा। 6 जून, शनिवार को महारास लीला, मथुरा गमन एवं श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। 7 जून, रविवार को सुदामा चरित्र, उद्धव संवाद और परीक्षित मोक्ष प्रसंग का आयोजन होगा। वहीं 8 जून, सोमवार को हवन एवं महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। कथा स्थल पर बाहर से आने वाले भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं।


