

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के पलाना गांव में देर रात रॉयल्टी नाके पर हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। आपसी रंजिश और अवैध वसूली के विवाद को लेकर बोलेरो गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने नाके पर तैनात कार्मिकों पर दो बार जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने पिस्तौल से फायरिंग की, लाठी-सरियों और धारदार हथियारों से हमला कर दहशत फैला दी।
जानकारी के अनुसार पलाना के बरसिंगसर रोड स्थित बजरी रॉयल्टी नाके पर देर रात बिना नंबर की दो बोलेरो गाड़ियों में सवार बदमाश पहुंचे। वहां मौजूद कार्मिकों के साथ मारपीट करते हुए नाके पर तोड़फोड़ की गई। अचानक हुए हमले से कार्मिक जान बचाकर मौके से भागे, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा भी किया।
घटना के कुछ समय बाद शक्तिसिंह और नरेन्द्रसिंह कैंपर गाड़ी में सवार होकर सर्किल चेकिंग के लिए बरसिंगसर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने फिर हमला कर दिया। बरसिंगसर प्लांट के पास बदमाशों ने कैंपर गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी और फायरिंग करते हुए धारदार हथियारों से हमला कर दिया। कार्मिक किसी तरह मौके से भाग निकले, जिसके बाद आरोपी गाड़ी में रखे करीब 45 हजार रुपए नकद, बिल बुक, डायरी, चेकबुक और अन्य जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए।
इस मामले में पलाना निवासी रामदयाल जाट ने देशनोक थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में ओमप्रकाश जाट, मुनीराम भादू, सुनील कड़वासरा सहित 7-8 अन्य लोगों पर हमला और लूट का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई हनुमंतसिंह को सौंप दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


